हुमा कुरैशी और मृणाल ठाकुर की सोशल-थ्रिलर फिल्म 'पूजा मेरी जान' आखिरकार OTT पर रिलीज होने वाली है। डायरेक्टर नवजोत गुलाटी की यह फिल्म चार साल से अटकी हुई थी। 2022 में ही फिल्म बनकर तैयार हो गई, जिसके बाद से यह रिलीज का इंतजार कर रही है। इस कारण मेकर्स और डायरेक्टर के बीच विवाद भी हुआ। अब ZEE5 ने टीजर जारी करते हुए इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 ने घोषणा की कि 'पूजा मेरी जान' का प्रीमियर 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के मौके पर होगा। टीजर जारी करते हुए कैप्शन में लिखा गया, 'कुछ कहानियां आपको यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आप क्या देख रहे हैं। कुछ आपको अपनी मान्यताओं पर सवाल उठाने के लिए प्रेरित करती हैं। यह कहानी आपको इन सबके बीच की हर चीज पर सवाल उठाने पर मजबूर कर देगी।''पूजा मेरी जान' की कास्ट
मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजन और अमर कौशिक द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म जुनून, आरोपों और पूर्वाग्रह के परेशान करने वाले नतीजों को दिखाती है। यह बताती है कि कैसे किसी एक व्यक्ति को लेकर लोगों की राय और बिना आधार के शक को जन्म दे सकती है। फिल्म में मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी के साथ विजय राज और विक्रम सिंह चौहान भी हैं। फिल्म के स्क्रनीप्ले और डायलॉग्स नीरेन भट्ट ने लिखे हैं, वहीं विपाशा अरविंद ने इसे को-डायरेक्ट किया है।'पूजा मेरी जान' की कहानी
टीजर की शुरुआत एक बेहद डराने वाले सीन से होती है, जहां पूजा को उसका आशिक मैसेज करता है- 'डियर पूजा, अगर तुम 'हां' बोल दो तो हमारा प्यार इतिहास बनाएगा। और अगर तुमने 'ना' बोला तो मैं इतिहास बन जाऊंगा।' आगे हम 35 सेकेंड के टीजर में कभी रूमानी प्यार की झलक देखते हैं, तो कभी पूजा (मृणाल ठाकुर) को चीखते-चिल्लाते और रोते। हमें हुमा कुरैशी की भी झलक मिलती है, जो वकील है और न्याय दिलाने के लिए परेशान है।जुनूनी और खतरनाक आशिक, आत्महत्या और इंसाफ
यह कहानी पूजा नाम की एक युवा महिला के बारे में है, जो एक जुनूनी और लगातार पीछा करने वाले स्टॉकर से परेशान है। मृणाल ठाकुर 'पूजा मेरी जान' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उस पर अपने प्रेमी अनिकेत की मौत का आरोप है। अनिकेत ने आत्महत्या की है। पूजा पर उसे इसके लिए उकसाने के आरोप लगे हैं। पूजा, लोगों की नजर में दोषी मान ली जाती है। इस गहरे भावनात्मक संकट के बीच उसका साथ देती है दोस्त सना (हुमा कुरैशी), जो वकील है। पूजा की उथल-पुथल जिंदगी खतरनाक और आक्रामक जुनूनी प्यार का शिकार बनी है। फिल्म में सामाजिक पूर्वाग्रह, अचानक लगे आरोपों और लोगों के गलत शक के नतीजों को दिखाया गया है। सना अपनी दोस्त पूजा को इंसाफ दिलाने के लिए कोर्ट पहुंचती है। लेकिन वह खुद भी एक उलझन में फंसी हुई है।'पूजा मेरी जान' का विवाद
'पूजा मेरी जान' को शुरू में JioCinema पर रिलीज किया जाना था। लेकिन Disney+ Hotstar के साथ मर्जर के बाद फिल्म मुश्किल आ गई। मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी ने अगस्त 2022 में ही फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली थी। इसी साल फरवरी 2026 में डायरेक्टर नवजोत गुलाटी ने सार्वजनिक रूप से निराशा जाहिर की थी। 'वेराइटी इंडिया' से बातचीत में उन्होंने बताया कि साल 2024 में उनके पिता का निधन हो गया, अपनी जिंदगी के आखिरी महीनों में वह लगातार इस फिल्म की रिलीज के बारे में पूछते रहते थे।'पूजा मेरी जान' की रिलीज 4 साल से क्यों अटकी थी?
नवजोत गुलाटी ने दावा किया कि को-प्रोड्यूसर अमर कौशिक ने अक्टूबर 2025 से उनके कॉल्स या मैसेज का जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा, 'मैं कॉल और टेक्स्ट करके थक गया हूं, फिर भी कोई जवाब नहीं मिलता। सबके सामने इसलिए बात कर रहा हूं, क्योंकि कोई जवाबदेही नहीं है। फिल्म अभी भी प्रासंगिक और काम की है। अगर मैं अभी कोशिश नहीं करूंगा तो मुझे डर है कि यह कभी रिलीज नहीं हो पाएगी, क्योंकि प्रोड्यूसर्स को इसकी कोई परवाह नहीं है।