बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में एक मजेदार स्पेशल एपिसोड में कॉमेडियन गौरव गुप्ता, वरुण ग्रोवर और गौरव कपूर हॉट सीट पर पहुंचे थे। एक तरफ जहां तीनों ने शो में ₹12.50 लाख की रकम जीती और इसे एक NGO को दान किया, वहीं तीनों ने अमिताभ बच्चन के साथ जमकर मस्ती भी की। गौरव गुप्ता ने जहां बिग बी के साथ 'कौन बनेग बनिया' खेला, वहीं सबसे मजेदार मौका वह था जब 'सूर्यवंशम के खीर' की भी चर्चा हुई। तीनों ने मिलकर अमिताभ बच्चन की खूब टांग खिचाई की।इस खास एपिसोड में वरुण ग्रोवर और गौरव कपूर ने बताया कि कभी वो KBC में आने के लिए फोन किया करते थे। जबकि गौरव गुप्ता ने अपने खास अंदाज में अमिताभ बच्चन को 'कौन बनेगा बनिया' में उलझा दिया। तीनों ने 'सुपर संदूक' में सभी 10 सवालों के सही जवाब देकर ₹1 लाख जीते। जिसके बाद बात बिग बी के साथ घर पर डिनर करने की आई। यहीं पर 'खीर' का जिक्र हुआ।PCO से KBC में फोन करते थे वरुण ग्रोवर
गेम की शुरुआत 50,000 रुपये के छठे सवाल से हुई। इससे पहले तीनों ने 'महासवाल' का सही जवाब देकर 'महाफ्लिप' लाइफलाइन हासिल कर ली थी। इसी दौरान वरुण ग्रोवर ने KBC से अपने पुराने कनेक्शन का किस्सा सुनाया। वरुण ने बताया, 'मैं 2000 में कॉलेज में था। मैं हर दिन PCO से कॉल करता था इस उम्मीद में कि मेरा नंबर गेम के लिए चुना जाएगा, और निराश होकर लौटता था। PCO वाले को शायद लगता था कि मेरा ब्रेकअप हो गया है। मैं फोन पर मिन्नतें करता था और कहता था, मुझे एक और मौका दे दो। वह KBC की लाइन थी, और आज मैं यहां पहुंच गया हूं, और आप सच में मेरे सामने बैठे हैं।'गौरव कपूर ने भी सुनाया KBC में कॉल करने का मजेदार किस्सा
वहीं, गौरव कपूर ने भी अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय KBC में कॉल करने के लिए 6 रुपये लगते थे। उन्होंने मजाक में कहा, 'हर कॉल के लिए 6 रुपये लगते थे। मैं KBC में कॉल करता था। अगर कॉल के 6 रुपये लग रहे हैं, तो दूसरी तरफ वाले इंसान को कम से कम थोड़ी तेजी से बात करनी चाहिए। वे इतनी धीरे बात करते थे कि 12 रुपये लग जाते थे।''सूर्यवंशम' की खीर को लेकर अमिताभ बच्चन से हुई मस्ती
तीनों ने 3 लाख रुपये वाले नौवें सवाल पर 'महाफ्लिप' लाइफलाइन का इस्तेमाल किया और बदले हुए सवाल का सही जवाब दिया। इसके बाद वे 5 लाख रुपये वाले सवाल तक पहुंचे और फिर 'सुपर संदूक' राउंड में गए। इस राउंड में उन्हें 90 सेकंड में 10 सवालों के जवाब देने थे। तीनों ने सभी 10 सवालों के सही जवाब दिए और 1 लाख रुपये जीते। अमिताभ बच्चन ने पहले ही वादा किया था कि अगर वे सभी सवाल सही करते हैं, तो वह उन्हें डिनर के लिए अपने घर बुलाएंगे। इसके बाद बातचीत बिग बी की फिल्म 'सूर्यवंशम' के मशहूर खीर सीन तक पहुंच गई। गौरव गुप्ता ने मजाक में पूछा कि अगर अमिताभ बच्चन उन्हें डिनर पर बुलाते हैं तो क्या उन्हें खीर भी परोसी जाएगी। गौरव कपूर ने इसी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'जब से मैंने वह फ़िल्म देखी है, तब से जब भी घर पर खीर बनती है, तो उसे बनाने वाले को ही सबसे पहले चखना पड़ता है।'गौरव गुप्ता ने बिग बी को खिलाया 'कौन बनेगा बनिया'
एपिसोड में गौरव गुप्ता ने अपना एक मजेदार क्विज शो भी शुरू कर दिया। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ 'कौन बनेगा बनिया' खेला। इसमें उन्होंने बिग बी से रोजमर्रा के सामान की कीमतों का अंदाजा लगाने को कहा। गौरव ने आलू, टमाटर, सरसों का तेल और अलग-अलग दालों की कीमतों को लेकर अमिताभ बच्चन से सवाल किए। इसके बाद ये सेगमेंट एक मजेदार अंदाजा लगाने वाले गेम में बदल गया, जिसमें गौरव गुप्ता लगातार बिग बी के जवाबों पर उन्हें छेड़ते रहे। इतना ही नहीं, तीनों ने अमिताभ बच्चन से फिल्म 'शोले' का मशहूर डायलॉग 'तुम्हारा नाम क्या है, बसंती?' बोलने के लिए भी कहा। इस दौरान बिग बी ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ी यादें भी शेयर कीं।12.5 लाख के सवाल का दिया सही जवाब
तीनों ने 12.5 लाख रुपये वाले 12वें सवाल तक भी अपनी जगह बनाई। इस सवाल पर उन्होंने 'संकेत सूचक' लाइफलाइन का इस्तेमाल किया और सही जवाब दिया।
ये था 12.5 लाख रुपये सवाल-
'लूटी' किस तरह का जानवर था, जो बीजिंग के पास समर पैलेस की लूट के बाद मिला था और बाद में क्वीन विक्टोरिया को भेंट किया गया था?
(a)खरगोश (b) बिल्ली (c) पांडा (d) कुत्ता
इसका सही जवाब (d)कुत्ता था।
इसके बाद भी तीनों के पास दो लाइफलाइन बची हुई थीं, लेकिन उनका समय खत्म हो गया। चूंकि यह स्पेशल सेलिब्रिटी एपिसोड था, इसलिए उनका गेम अगले एपिसोड में आगे नहीं बढ़ा।कौन था क्वीन विक्टोरिया को दिया गया 'लूटी'?
'लूटी' एक पेकिनीज कुत्ता था, जिसे 1860 में दूसरे अफीम युद्ध के दौरान बीजिंग के पास स्थित ओल्ड समर पैलेस से लाया गया था। ब्रिटिश कैप्टन जॉन हार्ट डन ने इस कुत्ते को हासिल किया और बाद में इसे क्वीन विक्टोरिया को भेंट किया। अक्टूबर 1860 में ब्रिटिश और फ्रेंच सेनाओं ने ओल्ड समर पैलेस (युआनमिंगयुआन) को लूटा और नष्ट कर दिया था। वहां से कई पेकिनीज कुत्तों को भी ले जाया गया था। इनमें से एक कुत्ता ब्रिटेन पहुंचा और 1861 में क्वीन विक्टोरिया को दिया गया। महारानी विक्टोरिया ने इस कुत्ते का नाम 'लूटी' (Looty) रखा। उसका ये नाम जीत के बाद की गई लूट की वजह से दिया गया था। बाद में यह कुत्ता शाही परिवार का हिस्सा बन गया और ब्रिटेन में पेकिनीज नस्ल की शुरुआत से भी इसे जोड़ा जाता है।