राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रैंपो ट्रैवलर (मिनी बस) पुलिया से गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे।

एक्सीडेंट शनिवार सुबह 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। SHO नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा था। कोटा शहर से 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास ट्रैवलर पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गया।

एक्सीडेंट में 17 पैसेंजर्स घायल हुए हैं। अंधेरे के कारण रेस्क्यू में कुछ देरी भी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि कई डेडबॉडी सीटों के बीच फंसी थीं। उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर खींचा गया। घायलों को खिड़की तोड़कर निकाला गया।


घायलों से मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

ओम बिरला ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे सहित अन्य हाईवे पर रोड सेफ्टी के लिए स्टडी की जा रही है।

कुछ पॉइंट्स बताए हैं। उसकी अंतिम मीटिंग नवंबर में होगी।


भोपाल से शुक्रवार शाम को निकला था परिवार

पुलिस के अनुसार बस के सभी पैसेंजर्स आपस में रिश्तेदार हैं।

ये लोग खाटूश्याम जाने के लिए भोपाल से शाम 7 बजे निकले थे।

एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि हादसे में घायल लोग 4 दिन के राजस्थान टूर पर आए थे।

सभी पहले दिन खाटूश्यामजी जा रहे थे इस बीच ये हादसा हो गया।


डैश बोर्ड पर लटकी हुई मिली एक बॉडी

रेस्क्यू करने पहुंची टीम के एक मेंबर ने बताया कि आशंका है कि बस एक्सप्रे-वे से नीचे बोनट की तरफ से टकराई हो।

क्योंकि अगला हिस्सा पूरी तरह से खत्म हो गया है। एक्सीडेंट इतना भीषण था कि एक बॉडी डैश बोर्ड के कांच को तोड़ते हुए बाहर आ गई थी।


एक्सप्रेस- वे पर कुछ देर के लिए जाम

स्थानीय पुलिस के अनुसार घटना की सूचना करीब सवा छह बजे मिली थी। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू शुरू कर दिया था। कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर जाम की स्थिति भी बन गई थी।


कुल 17 घायल, कुछ घायलों की पहचान

घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़, सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े घायल हुए हैं।


सभी मृतकों की पहचान, ड्राइवर की भी मौत

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ नीलेश जैन ने बताया कि सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है।

मृतकों के नाम अरुणा (40), वैष्णवी (25), त्रिशा (22), कृष्णा, अनिता (50), ओम सूर्यवंशी, राजू निवासी मुलताई जिला बैतूल (मध्यप्रदेश) हैं। बस ड्राइवर सचिन गिरी (27) निवासी नर्मदापुरम, बनखेड़ी (मध्यप्रदेश) की भी मौत हो गई है।

इनमें से 7 की मौत मौके पर ही हो गई थी। एक घायल ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) October 17, 2026
ड्राइवर को झपकी के कारण हादसे की आशंका

पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि एक्सीडेंट ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ है।

ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया है। आगे की तरफ बैठे पैसेंजर्स को सबसे ज्यादा चोट लगी है।