नवंबर या दिसंबर वे महीने होंगे जब टेलीकॉम कंपनियां फिर से अपने मोबाइल प्लान महंगे कर सकती हैं। इसे लेकर टिप्स्टर अभिषेक यादव ने भी हाल ही में X पर लिखा है। इससे पहले कई रिपोर्ट्स भी ऐसी आती रही हैं, जिनमें साल के आखिर तक टेलीकॉम कंपनियों द्वारा प्रीपेड और पोस्टेपेड टैरिफ प्लान में इजाफा किया जा सकता है। अभिषेक यादव की पोस्ट इन दावों पर मोहर लगाती है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार अब कंपनियां मुकाबले के बजाय कमाई और वित्तीय स्थिति सुधारने पर जोर दे रही हैं। ऐसे में नवंबर-दिसंबर में मोबाइल रिचार्ज का गणित पूरी तरह बदल सकता है। कई रिपोर्ट्स दिवाली के बाद ऐसा होने का दावा कर रही हैं।
कितने महंगे हो सकते हैं रिचार्ज?
सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रीसर्च की रिपोर्ट् की मानें, तो अगले कुछ महीनों में टैरिफ की दरें 12 से 15 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं। गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले ही एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान महंगे किए हैं।
ऐसे में अगर आप आज 300 रुपये का कोई प्लान रिचार्ज करा रहे हैं, तो संभव है कि आने वाले महीनों में उसके लिए आपको 35-45 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ें।
हालांकि टेलीकॉम कंपनियों को TRAI की तरफ से सस्ते कॉलिंग प्लान लाने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं। जिन पर अमल करते हुए Airtel तीन प्लान पेश भी कर चुका है।
दिवाली के बाद बढ़ेंगे दाम?
इस बारे में ताजा पोस्ट टिप्स्टर अभिषेक यादव ने किया है। उन्होंने जानकारी दी है कि नवंबर या दिसंबर में रिचार्ज फिर महंगे हो सकते हैं। जानकारों और बाजार पर नजर रखने वालों का यह भी कहना है कि ऐसा दिवाली के बाद हो सकता है। हालांकि टेलीकॉम कंपनियों की ओर से इस पर कोई साफ जानकारी नहीं आई है।
एक्सपर्ट्स का यह दावा भी है कि टेलीकॉम इंडस्ट्री का मौजूदा ढांचे की वजह से कंपनियों के लिए ऐसे फैसले लेना आसान है। चुनिंदा प्लेयर्स का हाथ में बाजार सिमटने की वजह से अब प्राइसिंग एनवायरमेंट कंपनियों के पक्ष में हो चुका है।
जानकारों के मुताबिक पहले जहां यूजर बेस गंवाने के डर से कंपनियां दाम बढ़ाने से बचती थीं, वहीं अब सीमित विकल्पों और भारी 5G इंफ्रास्ट्रक्चर लागत की वजह से कंपनियां बेझिझक एवरेज रेवेन्यू पर यूजर बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रही हैं।
आप क्या कर सकते हैं?
रिपोर्ट्स और टिप्स्टर्स के दावों के अनुसार अगर रिचार्ज प्लान महंगे होते हैं, तो जाहिर तौर पर इसका असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ेगा, जो 84 दिन या सालाना प्लान रिचार्ज करवाते हैं। गौर करने वाली बात है कि आप एक से ज्यादा बार रिचार्ज नंबर रिचार्ज करवाते हैं, तो पेंडिंग प्लान तभी एक्टिव होते हैं, जब मौजूदा प्लान खत्म हो जाता है।
आज रिचार्ज प्लान महंगे होने से पहले सालाना रिचार्ज करवाकर लंबे समय के लिए बढ़े हुए दामों के दबाव से बच सकते हैं। वहीं अगर आप ऐसा एक से ज्यादा साल के लिए कर सकते हैं, तो आपको लंबी अवधि में फायदा होगा लेकिन तुरंत बड़ा भुगतान करना पड़ेगा।
इसके साथ ही आप Airtel के बाद बाकी दो मुख्य टेलीकॉम कंपनियों की ओर से आने वाले वॉइस प्लान प्लान का इंतजार कर सकते हैं, जिन्हें रिचार्ज करवाकर आप एक्स्ट्रा सिम एक्टिव रख पाएंगे या बिना इंटरनेट सेवाओं के कॉलिंग और SMS कर पाएंगे।