लोकप्रिय सोशल माडिया प्लेटफॉर्म X एक नया प्रोग्राम वीडियो किकस्टार्ट बोनस लेकर आया है। एलन मस्क का प्लेटफॉर्म एक्स क्रिएटर इंसेंटिव प्रोग्राम की टेस्टिंग कर रहा है। इस पायलट प्रोग्राम के तहत क्रिएटर्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ओरिजिनल वीडियो पोस्ट करने के लिए 3,000 डॉलर यानी लगभग 2.85 लाख रुपये दिए जाएंगे। हालांकि, क्रिएटर्स को रेगुलर वीडियो पोस्ट करने होंगे। आइये, इस प्रोग्राम के बारे में जानते हैं।
ये क्रिएटर्स हो पाएंगे शामिल
SpaceXAI की क्रिएटर प्रोडक्ट लीड, एलेग्रा जैकिया ने एक्स पर ट्वीट करके इस पायलट प्रोग्राम की घोषणा की है। एलेग्रा जैकिया ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि हम X पर वीडियो पर खास फोकस कर रहे हैं। आज हम वीडियो किकस्टार्ट बोनस का पायलट प्रोजेक्ट शुरू कर रहे हैं। यह केवल इनवाइट-ओनली प्रोग्राम है, जिसमें क्रिएटर्स को अपना वीडियो कंटेंट पोस्ट करने के लिए रिवॉर्ड दिया जाता है।
इसका मतलब साफ है कि इस प्रोग्राम में सिर्फ इनवाइट किए गए क्रिएटर्स ही शामिल हो सकते हैं। बता दें कि इस प्रोग्राम के तहत मिलने वाले रिवॉर्ड की राशि वीडियो के व्यूज या एंगेजमेंट पर निर्भर नहीं करेगा।
30 अक्टूबर तक करना होगा एनरोल
X ने इस प्रोग्राम के लिए सिलेक्ट होने वाले क्रिएटर्स के लिए कोई क्राइटेरिया नहीं बताया है, इसलिए अभी ऐसा कुछ नहीं कहा जाता है कि जिनके फॉलोवर्स ज्यादा होंगे, एक्स उन्हें ही इनवाइट करेगा।
जिन लोगों को इनवाइट किया जाएगा, वे क्रिएटर स्टूडियो में प्रोग्राम्स सेक्शन के तहत इस प्रोग्राम को देख पाएंगे। अगर वे इस प्रोग्राम में शामिल होना चाहते हैं तो उन्हें 30 अक्टूबर, 2026 तक एनरोल करना होगा।
जैकिया के अनुसार, X आने वाले दिनों में इनवाइट भेजना शुरू कर देगा। इस पायलट प्रोग्राम में X के अलग ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड्स प्रोग्राम जैसी शर्तें भी नहीं हैं, जैसे कि प्रीमियम सब्सक्रिप्शन, 500 वेरिफाइड फॉलोअर्स और 500,000 इम्प्रेशन की जरूरत।
इन नियमों का करना होगा पालन
वीडियो किकस्टार्ट बोनस प्रोग्राम में क्रिएटर्स को वीडियो फॉर्मेट, ओरिजिनैलिटी और पोस्ट करने की फ्रीक्वेंसी को ध्यान में रखना होगा।
हर वीडियो वर्टिकल फॉर्मेट में होना चाहिए।
वीडियो तीन मिनट से कम का होना चाहिए।
साथ ही क्रिएटर द्वारा शेयर किया गया वीडियो कंटेंट ओरिजिनल होना चाहिए।
अगर आपने कोई वीडियो पहले किसी दूसरे सोशल मीडिया ऐप पर पोस्ट किया है, तो उसे यहां भी इस्तेमाल किया जा सकता है। बस शर्त यह है कि उस वीडियो पर किसी भी ऐप का लोगो या वॉटरमार्क नहीं होना चाहिए।
कंटेंट क्रिएटर्स को 30 दिनों के कैंपेन के दौरान 15 अलग-अलग दिनों में कम से कम 15 वीडियो पब्लिश करने होंगे। सभी 15 वीडियो एक ही दिन पोस्ट करने से यह शर्त पूरी नहीं होगी।