दिल्ली-NCR में खराब मौसम के चलते हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग में परेशानी और एयर ट्रैफिक कंजेशन के कारण चार फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया।

इनमें तीन फ्लाइट्स को दिल्ली-NCR में खराब मौसम के चलते, जबकि एक फ्लाइट को दिल्ली एयरपोर्ट पर कंजेशन के कारण जयपुर भेजा गया। डायवर्ट होकर जयपुर पहुंचने वाले विमानों में घरेलू उड़ानों के साथ एक इंटरनेशनल फ्लाइट भी शामिल है।

सभी विमानों ने जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। वहीं, नांदेड़ से गाजियाबाद जा रही स्टार एयर की फ्लाइट में लोकसभा सांसद स्वामी साक्षी महाराज भी सवार थे। गाजियाबाद में लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण विमान को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। ऐसे में गाजियाबाद पहुंचने के बजाय सांसद साक्षी महाराज जयपुर पहुंच गए।