इस श्रीलंकाई बल्लेबाज ने भारत के मंसूबों पर फेरा पानी, यूं शतक से धोया पारी से जीत का मौका
Updated on
17-08-2026 05:07 PM
गाले: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 462 रना बनाए। इसके बाद श्रीलंकाई टीम बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरी, तीसरे दिन पहले सेशन में ही टीम इंडिया ने श्रीलंका पर अपना दबदबा बनाया और 90 रन पर ही श्रीलंका के 5 विकेट गिर गए। इसके बाद मुश्किल में फंसी श्रीलंकाई टीम को मिला सोनल दिनुशा का साथ। सोनल दिनुशा ने इस मैच में 167 गेंदों में अपना शतक पूरा किया है। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 04 चौके और 02 छक्के जड़े।छठे विकेट के लिए जोड़े 146 रन
भारत के 462 रनों के विशाल स्कोर के जवाब में उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, तीसरे दिन के शुरुआती सेशन तक भारतीय गेंदबाजों के कसे हुए प्रदर्शन के आगे श्रीलंका ने महज 90 रनों पर अपने 5 अहम विकेट गंवा दिए थे। यहां से संकट में फंसी मेजबान टीम को सोनल दिनुशा और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला का सहारा मिला। दोनों बल्लेबाजों ने जुझारू खेल दिखाते हुए छठे विकेट के लिए 213 गेंदों पर 146 रनों की महत्वपूर्ण शतकीय साझेदारी निभाई और श्रीलंका को फॉलोऑन के खतरे से बाहर निकाला।निरोशन डिकवेला की 80 रनों की आक्रामक पारी
सोनल दिनुशा का साथ निभाते हुए निरोशन डिकवेला ने काउंटर-अटैकिंग बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया। डिकवेला ने 115 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौकों की मदद से 80 रन बनाए। वह 69.57 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने में सफल रहे। हालांकि, जब वह अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर ऋषभ पंत को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए।
श्रीलंका की वापसी
एक छोर संभाले खड़े सोनल दिनुशा ने बेहद संयम और समझदारी से बल्लेबाजी की। दिनुशा ने डिकवेला के साथ मिलकर पारी को गति दी और अपने अर्धशतक के बाद भी क्रीज पर टिके रहे। उन्होंने इस साझेदारी में 167 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इस साझेदारी के दम पर ही श्रीलंका की टीम शुरुआती झटकों से उबरकर मुकाबले में अपनी उम्मीदें कायम रखने में सफल रही। टीम इंडिया उम्मीद कर रही होगी कि वे इस मैच को पारी से जीत सकते हैं, लेकिन सोनल के इस शतक ने भारतीय टीम के मंसूबो पर पानी फेर दिया।