
गुजरात के जूनागढ़ जिले में बुधवार रात तेंदुए ने 6 साल की बच्ची पर हमला कर उसे मार डाला। बच्ची की पहचान प्रिशा सोलंकी के रूप में हुई है। घटना का CCTV वीडियो शुक्रवार को सामने आया है।
घटना मेंदरडा में थोभणभाई कोराट के खेत में हुई। गिर वेस्ट डिविजन के DFO प्रशांत तोमर के मुताबिक, तेंदुए के हमले के बाद बच्ची का शव खेत के पास मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने आसपास 8 पिंजरे लगाए हैं। इलाके में लगातार गश्त कर तेंदुए की तलाश की जा रही है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय सावधानी बरतने की अपील की है।
कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक घायल तेंदुए ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वन विभाग के कर्मचारी पर हमला कर दिया। तेंदुआ हाईवे पर एक कार की टक्कर के बाद घायल हो गया था। वन विभाग की टीम जब उसका रेस्क्यू करने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने एक अधिकारी पर हमला कर दिया।