हुमा कुरैशी का गाना 'इश्क कमीना' रिलीज, 2 सेकेंड भी झेल नहीं पाए फैंस, बोले- SRK-ऐश्वर्या का कोई तोड़ नहीं
Updated on
27-06-2026 03:10 PM
'बेबी डू डाई डू' (Baby Do Die Do) के मेकर्स ने अपना नया गाना 'इश्क कमीना' रिलीज किया है। यह 2002 के मशहूर चार्टबस्टर गाने का एक जबरदस्त नया वर्जन है। नए गाने में इस कल्ट क्लासिक गाने को नए विज़ुअल अंदाज में पेश किया गया है, साथ ही इसकी जबरदस्त एनर्जी और शानदार अपील को भी बनाए रखा गया है। इसमें हुमा कुरैशी कुछ डांस स्टेप्स भी करती नजर आ रही हैं, लेकिन वो ओरिजिनल गाने के ऐश्वर्या और शाहरुख की केमेस्ट्री को छू भी नहीं पाई हैं।हुमा कुरैशी और रचित सिंह पर फिल्माए गए इस गाने में दोनों के बीच जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिलती है, साथ ही इसमें ग्लैमर, एटीट्यूड और शानदार डांस मूव्स का भी तड़का है। 'इश्क कमीना' एक स्टाइलिश सेलिब्रेशन की तरह है, जो पुरानी यादों और फिल्म के आज के दौर वाले अंदाज का बेहतरीन मेल है।'इश्क कमीना' का नया वर्जन
गाने में हुमा कुरैशी ने जमकर डांस किया है। इसमें रचित सिंह की भी एंट्री होती है और वो काफी स्टाइलिश लग रहे हैं, लेकिन लोगों ने गाने के रिलीज होते ही इसे नकार दिया है। कमेंट सेक्शन में तारीफ तो की गई है, लेकिन पुराने वाले का जिक्र भी बराबर है।
लोगों ने उड़ा दी खिल्ली
कमेंट में से एक में लिखा था, 'मुझे समझ में नहीं आता इन्हें खुद पता नहीं चलता क्या ..कितना खराब बना दिया गाना ..बॉलीवुड में अच्छे खासे गाने को बर्बाद करने की आदत है। तुमसे नहीं हो पाएगा।' एक ने कहा- शाहरुख ऐश्वर्या के आस-पास भी नहीं पहुंच पाए। एक ने लिखा- मत किया करो यार, बेइज्जती क्यों करवानी।हुमा कुरैशी ने क्या कहा?
इस मशहूर गाने को फिर से बनाने के बारे में बात करते हुए हुमा कुरैशी ने कहा, 'जब यह गाना हमारे पास आया, तो हम इसे वापस लाने के लिए बहुत खुश थे। 'इश्क कमीना' एक बहुत बड़ा गाना है, लगभग हर कोई कभी न कभी इस पर नाचा है और इसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। हम नर्वस थे, सच में नर्वस थे। लेकिन हम ओरिजिनल गाने की नकल करने की कोशिश नहीं कर रहे थे। हम अपना खुद का अंदाज लाना चाहते थे और साथ ही उन सभी चीजों का जश्न मनाना चाहते थे जिन्होंने इसे इतना मशहूर बनाया। और रेमो सर का हमारे लिए इसे कोरियोग्राफ करना, इसने इसे और भी खास बना दिया।'
'बेबी डू डाई डू' की रिलीज और कास्ट
इस गाने की कोरियोग्राफी मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने की है, जिनके खास अंदाज ने इस रीक्रिएशन को एक नई विज़ुअल पहचान दी है। नचिकेत सामंत के निर्देशन और पुणे 04 फिल्म के साथ मिलकर 'सलीम सिब्लिंग्स प्रोडक्शन' में बनी फिल्म 'बेबी डू डाई डू' 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में सिकंदर खेर, चंकी पांडे, रचित सिंह, मरूधा शेखावत, विद्या मालवदे, अरुण कुशवाहा और हिमांशु मलिक भी हैं। फिल्म का गाना 'टिप्स म्यूजिक' ने रिलीज किया है और अब यह सभी म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।