'हनुमान अंश' ने तोड़ी Mirzapur Movie की कमर! रविवार को Box Office पर भौकाली पस्त, 'हैवान' 3 दिन में डिजास्टर
Updated on
14-09-2026 01:29 PM
रविवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुछ ऐसा हुआ है, जिसने 'मिर्जापुर द मूवी' के भौकाल को तगड़ा झटका दिया है। बीते शुक्रवार से ही पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर यह फिल्म 'हनुमान अंश' से कमाई में पिछड़ रही थी। उम्मीद थी कि रविवार को वीकेंड का फायदा मिलेगा और कमाई बढ़ेगी। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि छुट्टी के बावजूद 'मिर्जापुर मूवी' की कमाई बढ़ने की बजाय 1.85% घट गई है। जबकि नीम करोली बाबा पर बनी 'हनुमान अंश' के कलेक्शन में 21.62% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, क्राइम-थ्रिलर फिल्म अभी भी मजबूत स्थिति में है, लेकिन जिस तरह भक्ति-ड्रामा फिल्म का क्रेज बढ़ा है, यह आगे वीकडेज में और मुश्किलें खड़ी करने वाला है। दूसरी ओर, अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' चारों खाने चित हो चुकी है। अपने पहले वीकेंड में यह फिल्म ₹8 करोड़ की कुल नेट कमाई भी नहीं कर पाई है।सिनेमाघरों में इस वक्त 'हनुमान अंश' की तूती बोल रही है। रिववार को रिलीज के 38वें दिन भी इस फिल्म ने ₹22.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। खास बात यह कि दर्शकों की भीड़ को देखते हुए अब डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म के शोज भी बढ़ाकर 8,902 कर दिए गए हैं। जबकि डेढ़ हफ्ते पुरानी 'मिर्जापुर द मूवी' के शोज घटकर 7,225 हर गए हैं। 'हैवान' की बदहाली ने उसे 4,374 शोज तक सीमित कर दिया है।
'मिर्जापुर मूवी' कलेक्शन
Sacnilk के मुताबिक, रिलीज के 10वें दिन रविवार को 'मिर्जापुर द मूवी' ने देश में ₹13.25 करोड़ की नेट कमाई की है। एक दिन पहले शनिवार को ₹13.50 करोड़ और उससे पहले शुक्रवार को ₹9.50 करोड़ की नेट कमाई दर्ज की गई थी। गुरमीत सिंह के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने भारत में अब तक ₹220.04 करोड़ का कुल ग्रॉस कलेक्शन और ₹184.70 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। फिल्म प्रोडक्शन बजट ₹80-₹90 करोड़ बताया जा रहा है, इस लिहाज से यह फिल्म फायदे में है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स यह भी बता रहे हैं कि प्रमोशन और बाकी खर्चों के साथ बजट ₹250 करोड़ है।
'मिर्जापुर मूवी' वर्ल्डवाइड कलेक्शन
'मिर्जापुर द मूवी' की सबसे बड़ी यूएसपी OTT पर सुपरहिट रही 'मिर्जापुर' सीरीज है। ऐसे में फिल्म के पास एक तगड़ी फैन फॉलोइंग पहले से है। फिल्म दर्शकों को पसंद भी आ रही है। देश के साथ ही विदेशों में भी फिल्म का बढ़िया जोर है। 10वें दिन इसने ओवरसीज मार्केट में ₹4.00 करोड़ कमाए हैं, जबकि अब तक विदेशों से कुल ₹46.00 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इससे 'मिर्जापुद द मूवी' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹266.04 करोड़ तक पहुंच गया है।
'हनुमान अंश' से क्यों पिछड़ रही 'मिर्जापुर द मूवी'?
जहां तक 'हनुमान अंश' से पिछड़ने की बात है, तो इसमें 'मिर्जापुर द मूवी' का दोष नहीं, बल्कि भक्ति-ड्रामा फिल्म की सफलता जादुई है। किसी ने नहीं सोचा था कि रिलीज के पहले दिन ₹10 लाख कमाने वाली और दो हफ्तों तक खाली सिनेमाघरों वाली फिल्म तीसरे हफ्ते से इस कदर हाउसफुल हो जाएगी। महज ₹2 करोड़ के बजट में बनी 'हनुमान अंश' ने 38 दिनों में देश में ₹214.63 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है और 10700% मुनाफा कमा चुकी है। कुल मिलाकर, 'मिर्जापुर द मूवी' की कमाई में कमी से ज्यादा यहां मायने यह बात रखती है कि वह ऐसे माहौल में भी बॉक्स ऑफिस पर न सिर्फ टिकी हुई है, बल्कि दमदार कमाई भी कर रही है।
'हैवान' बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: डिजास्टर
बहरहाल, इन दोनों के बीच तीसरी फिल्म 'हैवान', तीन दिनों में ही डिजास्टर साबित हो चुकी है। प्रियदर्शन के डायरेक्शन ने बनी इस फिल्म ने रविवार को ₹1.85 करोड़ की नेट कमाई की है। एक दिन पहले शनिवार को इसने ₹2.50 करोड़ और उससे पहले शुक्रवार को पहले दिन ₹3.00 करोड़ कमाए थे। वीकेंड के बाद भी जिस तरह कमाई गिरी है, अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म की नैया पार लगना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है। करीब ₹130 करोड़ के बजट में बनी 'हैवान' ने पहले वीकेंड में ₹8.80 करोड़ का ग्रॉस कलेकशन और ₹7.35 करोड़ का नेट बिजनस किया है। वर्ल्डवाइड इसकी कमाई ₹11.55 करोड़ तक पहुंची है।