मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक मंगलवार शाम 4 बजे खत्म हो गई। इसमें यूपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति पर मंथन हुआ।

बैठक के बाद राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि मथुरा की बैठक का यही संदेश है- राधे-राधे कमल खिला दे।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में पहुंचे। उन्होंने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ विधायकों के कामकाज की रिपोर्ट भी ली।

बैठक से बाहर निकले भाजपा नेताओं के बयानों में अयोध्या के बाद मथुरा पर पार्टी के फोकस के संकेत मिले। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- अयोध्या हुई हमारी है, मथुरा की अब बारी है। अखिलेश यादव अगर वास्तव में कृष्ण भक्त हैं, तो कारसेवक के रूप में मथुरा आने की तैयारी करें।

बैठक के पहले दिन सोमवार को भी करीब 7 घंटे तक चर्चा हुई थी। इसमें सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम समेत पार्टी के करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल हुए।


यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि मथुरा में गहन चिंतन बैठक की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर 'राधे-राधे, राधे-राधे कमल खिला दे' के उद्घोष के साथ हुई।

उन्होंने कहा कि 2017 से लगातार मिली जीत के बाद अब पार्टी के 2 करोड़ से अधिक सदस्यों और ढाई लाख से अधिक सक्रिय सदस्यों को प्रेरित करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई।


मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक संपन्न होने के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा- बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के दम पर जन-जन तक पहुंचेगी।
ब्रजेश पाठक ने सपा और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके झूठ और फरेब की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर नंबर एक पर है।


मथुरा में भाजपा की योजना बैठक के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा- अखिलेश के मुंगेरीलाल के हसीन सपने चूर-चूर होने जा रहे हैं। मथुरा में कमल खिलने जा रहा है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर उन्होंने कहा- अयोध्या हुई हमारी है, मथुरा की अब बारी है। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि अगर वह वास्तव में कृष्ण भक्त हैं तो मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवक के रूप में आने की तैयारी करें। इससे सपा की डूबती नाव शायद बच जाए।


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि एकजुट, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी उत्तर प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है।

वह मथुरा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में आयोजित योजना बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।


मथुरा में भाजपा की योजना बैठक खत्म

मथुरा में भाजपा की चल रही योजना बैठक समाप्त हो गई है। बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा हुई।


सपा नेता बोले- भाजपा की चिंतन बैठक नहीं, चिंता बैठक है

सपा नेता प्रदीप चौधरी बोले- भाजपा नेता विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन अपने कार्यालय तक जाने वाला रास्ता नहीं सुधार पा रहे हैं। ऐसे में जनता के विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है?

आज भाजपा फरह में चिंतन शिविर कर रही है। उसे क्षेत्र की समस्याओं की चिंता करनी चाहिए। मथुरा में जलभराव, जाम और यमुना प्रदूषण जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। 10 साल में इनका समाधान नहीं हुआ। भाजपा को जनता की नहीं, अपनी सरकार बचाने की चिंता है।”


सपा नेता प्रदीप चौधरी ने कहा- मथुरा के लाजपत नगर में बिना बारिश के जलभराव की स्थिति बनी हुई है। यहां से कुछ दूरी पर भाजपा का जिला कार्यालय है। विधायक श्रीकांत शर्मा समेत भाजपा के बड़े नेता इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

कुछ दिन पहले लोगों ने धरना दिया था। विधायक ने एक सप्ताह में जलभराव खत्म कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन हालात जस के तस हैं।


चिंतन बैठक के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बैठक में चुनावी तैयारियों और विधायकों के कामकाज पर चर्चा होगी।