भोपाल। री-नीट 2026 परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) मुख्यालय पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। परीक्षा केंद्रों से एकत्रित उत्तर पुस्तिकाओं के 16 बंडलों को जिला समन्वयकों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत संकलित कर प्रशासन को सौंपा। जिसके बाद उन्हें भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सोमवार दोपहर तीन बजे एनटीए मुख्यालय भेजा गया।
पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा और गोपनीयता के बीच संपन्न कराई गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी किया गया। उत्तर पुस्तिकाओं के हस्तांतरण से लेकर विमान में लोडिंग तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न की गई है।
1472 विद्यार्थियों ने नहीं दी परीक्षा
जानकारी के अनुसार एनटीए के निर्देशानुसार जिले में 32 परीक्षा केंद्रों पर नीट 2026 की परीक्षा रविवार को आयोजित करवाई गई थी। जिसमें 13 हजार 775 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 90 प्रतिशत यानि 12 हजार 303 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि एक हजार 472 अभ्यर्थी अनुपस्थित थे।
इन अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं को जिला समन्वयक मनीष गुप्ता व पवन कुमार की निगरानी में केंद्रीय विद्यालय एक व दो में एकत्रित किया गया था। यहां से उत्तर पुस्तिकाओं के कुल 16 बंडलों को सुरक्षित रूप से तैयार किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही। सीलबंद बंडलों की जांच और सत्यापन के बाद उन्हें विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच एयरपोर्ट पहुंचाया गया। वहां से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सीधे एनटीए मुख्यालय दिल्ली रवाना किया गया।