इन दिनों सिनेमाघरों में रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' ने बवाल मचा रखा है और जमकर कमाई कर रही है। फिल्म की बम्पर कमाई के साथ ही इसमें नजर आनेवाले एक्टर्स खूब सुर्खियों में हैं। इनमें से ही एक नाम है 13 साल के चाइल्ड आर्टिस्ट ऋत्विक ज्योति राज का है, जिन्होंने अपने बारे में एक ऐसा खुलासा किया है सुनने वाले दंग रह जाएंगे। 'जेलर 2' में रजनीकांत के पोते का किरदार निभाने वाले छोटे से एक्टर एक कंपनी के मालिक हैं। मजेदार ये है कि जिस उम्र में बच्चे वीडियो गेम खेलकर और फोन में वक्त खराब करते हैं, वहीं 13 साल के ऋत्विक ज्योति राज ने ये कंपनी खुद ही बनाई है।

ऋत्विक ज्योति के हालिया इंटरव्यू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कोडिंग, रोबोटिक्स और बिजनेस शुरू करने में अपनी रुचि के बारे में बात कर रहे हैं। ऋत्विक ज्योति राज सिनेमा के साथ-साथ तकनीक की भी दुनिया में हाथ आजमा रहे हैं। ऋत्विक ने फिल्म में अपने किरदार से सबका ध्यान खींच लिया है।
डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भी हैं ऋत्विक

'जेलर 2' एक्टर ऋत्विक ने अपने एक इंटरव्यू में बताया है कि वीडियो कॉल के दौरान बोर होने पर उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक कंपनी शुरू की है। उनकी ये बातें सुनकर लोग काफी हैरान हैं। कोयंबटूर के ये चाइल्ड आर्टिस्ट ऋत्विक ज्योति राज एक कलाकार होने के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भी हैं। उन्होंने अपने उन वीडियो से पहले ही लोगों का ध्यान खींचा है जिनमें उन्होंने कई अलग-अलग किरदार निभाए थे।
'ओ2', 'सरदार' और 'लकी भास्कर' जैसी साउथ फिल्मों में किया काम

ऑनलाइन मीडियम में ढलने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे फिल्मों में कदम रखा और वे 'ओ2', 'सरदार' और 'लकी भास्कर' जैसी साउथ फिल्मों में नज़र आ चुके हैं। हालांकि, सबसे अधिक पॉप्युलैरिटी उन्हें 2023 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'जेलर' में रजनीकांत के पोते की भूमिका से मिली है। अब हाल ही में रिलीज हुई नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित फिल्म 'जेलर 2' में भी उन्होंने वही भूमिका निभाई। अब ऋत्विक ने अपने उस टैलेंट के बारे में बताया है जिसके बारे में कम ही लोग जानते हैं।
वेबसाइट डेवलपमेंट को आजमाने का फैसला किया

उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में बताया कि वीडियो कॉल पर बातचीत करते हुए उन्हें और उनके दोस्तों को बोरियत होने लगी थी। इसी वजह से उन्होंने कुछ करने का फैसला किया और उन्हें एक वेबसाइट बनाने का विचार आया। इस बारे में बातें करते हुए ऋत्विक ने बताया उनके ग्रुप को कोडिंग के बारे में थोड़ी-बहुत जानकारी थी और इसी वजह से उन्होंने वेबसाइट डेवलपमेंट को आजमाने का फैसला किया। पहले ये केवल विचार के रूप में शुरू हुआ था जो धीरे-धीरे एक छोटे बिजनेस में बदल गया।

अभी वेबसाइट पर ज्यादा विजिटर्स नहीं आते

उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी एक वेबसाइट चलाती है जिसके जरिए वे प्रॉडक्ट बेचते हैं और कोर्स प्रोवाइड कराते हैं। हालांकि, उन्होंने वेबसाइट के परफॉर्मेंस के बारे में ईमानदारी से बात की और कहा अभी वेबसाइट पर ज्यादा विजिटर्स नहीं आते हैं। हालांकि, उनका ग्रुप इस वेबसाइट को बनाए रखने और इसे बढ़ाने में जुटा है।

उन्हें पायथन आती है, जो सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का काम

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें कोडिंग आती है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें पायथन आती है, जो सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, ऑटोमेशन, डेटा एनालिसिस और AI में उपयोग की जाने वाली एक प्रोग्रामिंग भाषा है। उन्होंने रोबोटिक्स में अपने इंटरेस्ट के बारे में भी बात की और बताया कि उन्हें रोबोट बनाना आता है। उन्होंने बताया कि उनकी इस कंपनी में पांच मेंबर हैं, साथ ही समूह से जुड़े पांच और अन्य लोग भी हैं।