अबू धाबी: यूएफसी के पूर्व बेंटमवेट चैंपियन मेराब ड्वालिशविली पर एमएमए फाइटर उस्मान नूरमगोमेदोव और उनके साथियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अबू धाबी के होटल की लॉबी में यह घटना हुई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ड्वालिशविली खून से लथपथ नजर आ रहे हैं। जॉर्जिया के इस फाइटर ने आरोप लगाया है कि होटल की लॉबी में उन पर हमला हुआ। यह घटना बुधवार (11 नवंबर) को अबू धाबी के यास हिल्टन होटल की लॉबी में हुई।
ड्वालिशविली रियल अमेरिकन फ्रीस्टाइल के एक इवेंट से पहले मीडिया इंटरव्यू दे रहे थे। इसी दौरान उस्मान नूरमगोमेदोव अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे। वायरल फुटेज में उस्मान को ड्वालिशविली के पास जाते और उन्हें थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
पीछे से आकर किया हमला
घटना के बाद मेराब ड्वालिशविली ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अपना दर्द बयां किया। उनके चेहरे पर चोट के निशान थे और एक मेडिकल स्टाफ उनका इलाज करता दिखाई दे रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपने एक दोस्त के साथ होटल में इंटरव्यू दे रहे थे, तभी उस्मान और उनके साथी पीछे से आए और उन पर हमला कर दिया। ड्वालिशविली ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पकड़ रखा था और इसके बावजूद हमलावर उन्हें और उनके दोस्त को नीचे गिरने के बाद भी लात मारते रहे।
लड़ना है तो सामने से मुकाबला करें
मेराब ने इस हमले को कायराना बताते हुए कहा कि अगर किसी को लड़ना है तो सामने आकर मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने वीडियो में यह भी दावा किया कि हमलावरों की संख्या काफी ज्यादा थी, जबकि उनके साथ सिर्फ उनका एक दोस्त था।
पुलिस ने उस्मान और उनके साथियों से पूछताछ की
इस घटना के बाद अबू धाबी पुलिस की कार्रवाई की खबर भी सामने आई है। उस्मान नूरमगोमेदोव और उनके साथियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि, इस मामले में ड्वालिशविली की ओर से शिकायत दर्ज कराने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुई घटना और वायरल वीडियो के कारण मामले को संज्ञान में लिया। एमएमए पत्रकार एरियल हेलवानी ने भी सोशल मीडिया पर दावा किया कि घटना में शामिल सभी लोगों को स्थानीय अधिकारियों ने हिरासत में रखा है।
उमर नूरमगोमेदोव से पुरानी है ड्वालिशविली की दुश्मनी
मेराब ड्वालिशविली और नूरमगोमेदोव परिवार के बीच विवाद नया नहीं है। इसकी शुरुआत उमर नूरमगोमेदोव के साथ उनकी फाइट से जुड़ी है। जनवरी 2025 में यूएफसी 311 में दोनों का मुकाबला हुआ था। उस समय ड्वालिशविली यूएफसी बेंटमवेट चैंपियन थे। उन्होंने उमर को सर्वसम्मत फैसले से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा था। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। हाल के महीनों में जॉर्जिया में एक आरएएफ इवेंट के दौरान ड्वालिशविली और उमर के एक सहयोगी के बीच भी झड़प हुई थी। अब अबू धाबी की होटल लॉबी में हुई घटना ने इस विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
शनिवार को मार्लन मोरेस से होना है मुकाबला
ड्वालिशविली को शनिवार (14 नवंबर) को अबू धाबी के एतिहाद एरिना में मार्लन मोरेस के खिलाफ मैच खेलना है। यह आरएएफ का मिडिल ईस्ट में पहला बड़ा इवेंट होगा। उमर नूरमगोमेदोव को भी इसी इवेंट में मुकाबला खेलना है। उनका सामना उरियाह फैबर से होगा। उस्मान नूरमगोमेदोव इस कार्ड का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि अपने भाई का समर्थन करने के लिए अबू धाबी पहुंचे हैं। फिलहाल ड्वालिशविली ने खुद को ठीक बताया है और कहा है कि वह मुकाबले के लिए तैयार हैं।